इंदौर:देपालपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद मामूली बात पर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। चिकन की दुकान पर स्टॉक खत्म होने की बात कहने पर तीन युवकों ने दुकान संचालक और उसके चचेरे भाई पर डंडे और चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, घटना ग्राम मिर्जापुर की है। फरियादी कालू पिता मोहनलाल केवट ने बताया कि 10 मार्च की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी चिकन की दुकान पर था।
तभी विकास चौहान, उसका भाई आशीष और अतुल चौहान दुकान पर आए और चिकन की मांग करने लगे। कालू ने जब उन्हें बताया कि चिकन खत्म हो गया है, तो आरोपी भड़क गए और अश्लील गालियां देने लगे।शोर सुनकर कालू का चचेरा भाई धर्मेंद्र वहां पहुँचा और आरोपियों को गाली देने से मना किया। इस बात पर तैश में आकर तीनों आरोपियों ने कालू और धर्मेंद्र के साथ पहले डंडों से मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
