बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश सहित राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर राजग की जीत

पटना, 16 मार्च (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के पांचों उम्मीदवारों ने राज्यसभा चुनाव में आज जीत दर्ज की है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा।

विधानसभा परिसर में आज सम्पन्न हुए मतदान और मतों की गिनती के बाद राजग के सभी पांच उम्मीदवार विजयी घोषित किये गए। इस दौरान राजग के सभी 202 विधायकों ने मतदान में हिस्सा लिया, जबकि महागठबंधन के चार विधायक अनुपस्थित रहे, जिनमे कांग्रेस के तीन और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक विधायक का नाम शामिल है। कुल 239 विधायकों ने इस बार अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान के लिए नहीं पहुंचने वाले कांग्रेस के तीन विधायकों में वाल्मीकि नगर के सुरेंद्र प्रसाद, फारबिसगंज से मनोज विश्वास और मनिहारी के मनोहर सिंह के नाम शामिल हैं। इसके अलावा राजद के विधायक फैसल रहमान ने भी मतदान में भाग नही लिया।

बिहार में आज सम्पन्न हुए राज्यसभा चुनाव में कुल छह उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के दो-दो, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक-एक उम्मीदवार शामिल थे।

इस चुनाव में भाजपा ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश राम, जदयू ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश और रामनाथ ठाकुर तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को मैदान में उतरा था। विपक्ष के प्रतिनिधि के रूप में महागठबंधन की तरफ से अमरेंद्र धारी सिंह मैदान में उतरे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

उल्लेखनीय है कि बिहार से राज्यसभा की पाँच सीटें नौ अप्रैल को खाली हो रही हैं, जिनमें जदयू के रामनाथ ठाकुर और हरिवंश नारायण सिंह, राजद के अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के नाम शामिल हैं।

Next Post

चुनाव समर में उतरने से पहले असम के सीएम ने पीतांबरा पीठ में किया पूजन

Mon Mar 16 , 2026
दतिया। असम के मुख्यमंत्री हिमन्त विश्व शर्मा आज सोमवार को दतिया पहुंचे और विश्व प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में मां बगलामुखी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने पीठ परिसर में स्थित वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री विशेष विमान से दतिया एयरपोर्ट […]

You May Like