सीधी पुलिस की स्ट्राइक से कांपे बदमाश, एक ही रात में 65 वारंटी गिरफ्तार

सीधी। जिले में कानून-व्यवस्था को अभेद्य बनाने और अपराधियों के मन में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में सीधी पुलिस ने बीती रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर बड़ी सफलता अर्जित की है। जिले के चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिस बल ने रात भर चली इस कार्रवाई में कुल 65 वारंटियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं जिले के समस्त अनुभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारियों ने अपनी टीमों के साथ शहरी और दुर्गम ग्रामीण इलाकों में एक साथ धावा बोला। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से अपराधियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस ने पूरी मुस्तैदी दिखाते हुए 17 स्थायी वारंटियों और 48 गिरफ्तारी वारंटियों को दबोचा। ये अपराधी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर थे।

अभियान के दौरान पुलिस ने 55 गुंडा बदमाशों और 31 निगरानी बदमाशों के ठिकानों पर औचक दबिश दी। उनकी वर्तमान गतिविधियों की सूक्ष्मता से जांच की गई और उन्हें सख्त लहजे में हिदायत दी गई कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैण्ड और होटलों की तलाशी ली गई। साथ ही संदिग्ध वाहनों की कड़ाई से चेकिंग की गई।

आमजन में सुरक्षा, अपराधियों में भय

दबिश के साथ-साथ पुलिस बल ने रिहायशी इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का अटूट भरोसा दिलाया गया। पुलिस की इस सक्रियता से जहां आमजन ने राहत की सांस ली है वहीं आपराधिक तत्वों में हडक़म्प मचा हुआ है।

००

इनका कहना है

सीधी जिला पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह समर्पित है। हमारी यह कॉम्बिंग गश्त अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने की दिशा में एक निरंतर प्रक्रिया है। समाज की शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध पुलिस का यह कड़ा रुख भविष्य में भी इसी प्रकार जारी रहेगा।

संतोष कोरी, पुलिस अधीक्षक जिला सीधी

Next Post

घर में मृत अवस्था में मिला युवक का शव

Sun Mar 15 , 2026
रतलाम। शहर से लगे गंाव में एक युवक का शव घर के अंदर मिला। घटना का खुलासा तक हुआ जब पिता लौटे और उन्होंने घर का दरवाजा खोला। बताया जा रहा है कि युवक की मौत घर के अंदर हुई और शव दो दिन तक घर में ही रहा। घटना […]

You May Like