देहरादून 15 मार्च (वार्ता) उत्तराखंड राज्य में रविवार को मौसम ने करवट ली। राज्य के ऊंचाई वाले स्थानों में जहां बर्फबारी हो रही है, वहीं कम ऊंचाई वाले कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम सर्द हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा झोंकेदार हवाएं, जिनकी वायु गति 40-50 कि.मी. प्रति घंटा तक चलने की संभावना है। इसी तरह, सोमवार को भी राज्य के हरिद्वार, उधमसिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल एवं चम्पावत जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, झक्कड़ चलने की संभावना है। जबकि मंगलवार को राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र दौर होने की संभावना है।
