जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत गांधी चौक इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में युवक के पेट और सिर पर चाकू के गहरे घाव आए हैं। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस ने बताया कि इन्द्रा नगर दुर्गा मंदिर निवासी 23 वर्षीय अजय कोल पुट्टी पुताई का काम करता है, बीती रात अपने दोस्त रोशन कोल के साथ मानेगांव से लौट रहा था। गांधी चौक के पास उनका सामना पुराने दुश्मन करन कोल और उसके साथी बिल्लू कोल से हो गया। आरोपियों ने अजय को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब अजय ने विरोध किया, तो बिल्लू कोल ने उसे मजबूती से पकड़ लिया और करन कोल ने हत्या की नियत से चाकू निकालकर अजय के सिर के पिछले हिस्से, पेट और दाहिनी जांघ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लहूलुहान अजय जान बचाने के लिए वहां से भागा और पास के एक मकान के पास जाकर बेहोश हो गया।घायल को तत्काल सरकारी अस्पताल रांझी पहुँचाया गया, जहाँ सूचना मिलते ही पुलिस की टीम पहुँची। पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी करन कोल और बिल्लू कोल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
