![]()
भोपाल। राजधानी भोपाल में आज तड़के गैंगवार की घटना में हिस्ट्रीशीटर लल्लू रईस के घर पर कुछ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें उसके बेटे इमरान के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना अशोका गार्डन क्षेत्र की है, जहां शादाब गेट और उसके साथियों ने सुबह करीब पौने छह बजे लल्लू रईस के घर पर पहुंचकर फायरिंग की। बताया गया है कि आरोपी इमरान का पीछा करते हुए घर तक पहुंचे थे।
इमरान जैसे ही घर पहुंचा, आरोपियों ने पीछे से उस पर गोली चला दी। जान बचाने के लिए वह तुरंत घर के अंदर घुस गया और गेट बंद कर लिया, लेकिन एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।
घायल इमरान को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि बदमाश अस्पताल परिसर तक पहुंच गए और वहां भी फायरिंग की, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गोलियां अस्पताल की खिड़की और दीवार पर जाकर लगीं।
पुलिस के अनुसार मामला अशोका गार्डन और कोहेफिजा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। दोनों थानों की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
