
व्लादिवोस्तोक, 12 मार्च (वार्ता) रूस के कामचटका प्रायद्वीप पर शिवेलुच ज्वालामुखी में विस्फोट के बाद आसमान में आठ किलोमीटर की ऊंचाई तक धुएं और राख का गुब्बार फैल गया। कामचटका ज्वालामुखी विस्फोट प्रतिक्रिया दल ने गुरुवार को यह जानकारी दी। रूसी विज्ञान अकादमी के ज्वालामुखी विज्ञान और भूकंप विज्ञान संस्थान की टीम ने गुरुवार को बताया, “ज्वालामुखी में विस्फोट के साथ-साथ उत्सर्जन गैस और भाप भी निकला। विस्फोटों के कारण राख समुद्र तल से 08 किलोमीटर ऊपर तक पहुंच गई और राख का यह बादल ज्वालामुखी से 10 किलोमीटर पूर्व की ओर बढ़ गया। यह विस्फोट करीब 15 मिनट तक चला।”
राख का यह गुबार पूर्व की ओर अमेरिका के अलेउतियन द्वीपों की दिशा में बढ़ रहा है। स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात के लिए संभावित जोखिमों को देखते हुए विमानन सेवाओं के लिए ‘ऑरेंज’ एलर्ट जारी किया गया है। शिवेलुच ज्वालामुखी की ऊंचाई 3,283 मीटर है। यह कामचटका के सबसे बड़े शहर पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 440 किलोमीटर और 4,500 की आबादी वाले क्लयुची कस्बे से 45 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पिछले डेढ़ साल में इस ज्वालामुखी में कई बार विस्फोट हो चुके हैं।
