चेन्नई, 10 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने तमिलनाडु दौरे से एक दिन पहले मंगलवार को कहा कि सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बढ़ती लोकप्रियता से स्पष्ट रूप से घबराई हुई है।
तिरुचिरापल्ली में बुधवार को होने वाली राजग रैली से एक दिन पहले श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य के लोगों ने द्रमुक के कुशासन और अधूरे वादों को समझ लिया है और इसलिए वे राजग के विकास और उम्मीद के एजेंडे से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने लिखा, “11 मार्च को शाम करीब 6:30 बजे मैं तमिलनाडु के राजग नेताओं के साथ तिरुचिरापल्ली में राजग रैली में शामिल होऊंगा। द्रमुक राज्य में राजग की बढ़ती लोकप्रियता से स्पष्ट रूप से घबराई हुई है। तमिलनाडु के लोगों ने द्रमुक के कुशासन और अधूरे वादों को समझ लिया है, इसलिए वे उम्मीद और प्रगति के राजग के एजेंडे से जुड़ रहे हैं।”
श्री मोदी कोच्चि के एर्नाकुलम से बुधवार शाम यहां पहुंचेंगे। इस दौरान वह विभिन्न आधारभूत संरचना और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे तथा राजग की चुनावी रैली को भी संबोधित करेंगे। आगामी विधानसभा चुनावों में द्रमुक को सत्ता से हटाने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में गठबंधन के सभी सहयोगी दल शामिल होंगे।
इस बीच, राज्य की राजनीति में इस बात की भी चर्चा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत कर रही है, ताकि सत्तारूढ़ द्रमुक को चुनौती दी जा सके। हाल के दिनों में तमिलनाडु के भाजपा नेताओं ने विजय के खिलाफ अपनी बयानबाजी भी नरम कर दी है।
भाजपा प्रवक्ता एएनएस प्रसाद ने एक बयान में विजय से द्रमुक को सत्ता से हटाने के लिए राजग के साथ आने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि विजय वास्तव में द्रमुक को हटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, तो उन्हें राजग में शामिल होना चाहिए।
इसी बीच, केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने विजय को 15 मार्च को पूछताछ के तीसरे दौर के लिए पेश होने का समन जारी किया है। ऐसी भी खबरें हैं कि भाजपा नेतृत्व पवन कल्याण जैसे सहयोगियों के माध्यम से विजय को राजग में शामिल होने के लिए मनाने की कोशिश कर रहा है।
विजय पहले भाजपा को अपनी पार्टी का वैचारिक विरोधी बता चुके हैं, लेकिन भाजपा उन्हें अपने साथ जोड़ने के प्रयास जारी रखे हुए है।
