न्यायाधीश का भाजपा से संबंध पूछ कर भारद्वाज ने किया न्यायिक व्यवस्था का अपमानः सचदेवा

नयी दिल्ली 10 मार्च (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज न्यायिक व्यवस्था का अपमान करने का आरोप लगाया है और कहा है कि पार्टी श्री भारद्वाज की उच्च न्यायालय की न्यायाधीश को लेकर की गयी टिप्पणी के संबंध में विशेषज्ञों से बात कर रही है और इस संबंध में उचित कार्रवाई करेगी।

श्री सचदेवा ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि श्री भारद्वाज द्वारा दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायाधीश का भाजपा से रिश्ता पूछना पूरी न्यायिक व्यवस्था का अपमान करने के समान है। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा ने लगातार ना सिर्फ जनहित में अरविंद केजरीवाल सरकार के शराब घोटाले को उठाया है, बल्कि जांच एजेंसियों को अनेक साक्ष्यों को जोड़ने में भी सहयोग दिया है। उन्होंने कहा, “भाजपा इस शराब घोटाले का पर्दाफाश करने से भावनात्मक रूप से जुड़ी रही है और हम दिल्ली के राजस्व हित में चाहते हैं की इसके सभी दोषियों को सज़ा हो।”

उन्होंने कहा, श्री भारद्वाज सहित आप के सभी नेताओं की मुश्किल यह है कि जो न्यायाधीश इनके पक्ष में फैसला सुना दें वह तो इनके लिए भगवान समान होता है और जो न्यायधीश इनके विरूद्ध आदेश दे दें या इनके पक्ष में हुए फैसले के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई कर लें, उस न्यायाधीश की निष्पक्षता पर प्रश्नचिन्ह लगा कर उनकी गरिमा तार तार करने में एक पल नही लगाते हैं।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि कानूनी मामलों में जब नया आपराधिक मामला दायर किया जाता है या किसी फैसले के विरूद्ध अपील दायर की जाती है तो जीत के विश्वास के साथ की जाती है और ऐसे में भाजपा का श्री केजरीवाल और अन्य लोगों को सज़ा की उम्मीद लगाना सामान्य कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है।

 

 

Next Post

मजबूत प्रतिरोधक ढांचे की दिशा में आगे बढ़ रही है सेना : जनरल द्विवेदी

Tue Mar 10 , 2026
नयी दिल्ली 10 मार्च (वार्ता) सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय सेना “एक नए युग की दहलीज पर खड़ी है, जो तकनीकी प्रगति, संगठनात्मक लचीलेपन और आत्मनिर्भरता से परिभाषित है” और जिसकी आधारशिला “सत्य, विश्वास और पारदर्शिता” जैसे मूल्यों पर टिकी है। जनरल द्विवेदी ने […]

You May Like