गिरावट से उबरे शेयर बाजार, सेंसेक्स 640 अंक मजबूत

मुंबई, 10 मार्च (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी लौट आयी और बीएसई का सेंसेक्स 639.82 अंक (0.82 फीसदी) चढ़कर 78,205.98 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 233.55 अंक यानी 0.97 प्रतिशत ऊपर 24,261.60 अंक पर पहुंच गया।
गत 26 फरवरी के बाद छह कारोबारी दिवस में दोनों प्रमुख सूचकांक 5.7 प्रतिशत टूट गये थे। इस दौरान सिर्फ एक दिन बाजार में तेजी रही थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान युद्ध जल्द समाप्त होने संबंधी बयान के बाद वैश्विक स्तर पर सभी शेयर बाजारों में तेजी देखी गयी। घरेलू शेयर बाजारों पर भी इसका असर दिखा। मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा लिवाली रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.60 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.12 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

आईटी और तेल एवं गैस को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में तेजी रही। ऑटो, वित्त, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, बैंकिंग, रियलिटी, फार्मा, धातु, मीडिया और रसायन समूहों में लिवाली ज्यादा रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा और इंडिगो के शेयर साढ़े तीन प्रतिशत के आसपास मजबूत हुए। मारुति सुजुकी, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील और एक्सिस बैंक के शेयर दो से तीन प्रतिशत के बीच चढ़े। कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, बजाज फिनसर्व, बीईएल, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और पावर ग्रिड के शेयर एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहे। आईटीसी, एलएंडटी, ट्रेंट और सन फार्मा के शेयर भी हरे निशान में रहे। इटरनल और इंफोसिस के शेयर करीब डेढ़ फीसदी टूट गये। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर भी एक प्रतिशत से अधिक गिर गये। भारती एयरटेल और टीसीएस में भी गिरावट रही।

Next Post

ऑडी ने शुरू की नये एसयूवी एसक्यू8 की बुकिंग

Tue Mar 10 , 2026
मुंबई, 10 मार्च (वार्ता) जर्मन लग्जरी कार निर्माता ऑडी ने मंगलवार को भारत में अपने नये एसयूवी ऑडी एसक्यू8 के लिए बुकिंग शुरू करने की घोषणा की। कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि ग्राहक 5,000 रुपये की शुरुआती राशि देकर ऑडी इंडिया की वेबसाइट पर या ‘मायऑडी कनेक्ट’ […]

You May Like

मनोरंजन