ग्वालियर: प्रदेश में अधोसंरचना और औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने संसदीय क्षेत्र के प्रमुख शहरों को प्रस्तावित ‘मध्य भारत विकास पथ’ से जोड़ने का अनुरोध किया है। यह परियोजना भारत सरकार के ‘विजन-2047’ के अंतर्गत राज्य में प्रस्तावित नए एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि पिछोर, चंदेरी, मुंगावली, अशोकनगर और गुना जैसे महत्वपूर्ण शहरों को प्रस्तावित मध्य भारत विकास पथ (नागपुर-भोपाल-ग्वालियर ग्रीन कॉरिडोर) से सीधे जोड़ा जाए।
सिंधिया ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि वर्तमान में अशोकनगर, मुंगावली और चंदेरी जैसे प्रमुख शहर सीधे किसी राष्ट्रीय राजमार्ग से नहीं जुड़े हैं। इन शहरों को एक्सप्रेस-वे नेटवर्क से जोड़ने से न केवल यातायात सुविधाएं बेहतर होंगी, बल्कि क्षेत्र में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से ग्वालियर-चंबल संभाग तथा आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और यह पूरा क्षेत्र विकास के नए मार्ग पर आगे बढ़ेगा।
