इंदौर: क्राइम ब्रांच ने टूर एंड टूरिज्म कंपनी के नाम पर फर्जी पैकेज बेचकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने सस्ते टूर पैकेज का लालच देकर फरियादी के क्रेडिट कार्ड से अनाधिकृत ट्रांजेक्शन कर करीब एक लाख रुपये की ठगी की थी. मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.
एडीसीपी क्राईम राजेश दंडोतिया ने बताया कि शहर में ठगी से जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर क्राइम ब्रांच लगातार कार्रवाई कर रही है. एक आवेदक ने डीसीपी कार्यालय में शिकायत देकर बताया था कि ब्लू माउंटेन टूरिज्म कंपनी के नाम से सस्ता टूर पैकेज देने का झांसा देकर उसके साथ ठगी की गई है.
शिकायत में बताया गया था कि आरोपियों ने जुलाई माह में टूर पैकेज अलॉट करने के नाम पर फरियादी के क्रेडिट कार्ड से अनाधिकृत ट्रांजेक्शन कर दिए और रकम को ईएमआई में बदलकर करीब एक लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली. टूर पैकेज नहीं मिलने पर फरियादी को ठगी का पता चला, जिसके बाद उसने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने ट्रांजेक्शन के आधार पर बैंक खातों को ट्रेस कर आरोपियों की पहचान की. साइबर तकनीक और मुखबिर सूचना के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में आकाश, रिजवान, शाहिद और जुनेद निवासी सूरत शामिल हैं, जबकि भाविक और कपिल निवासी सूरत अभी फरार हैं. आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर जांच में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिलने की भी संभावना है.
