बनखेड़ी। पर्यावरण संरक्षण और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा ग्रामों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खरसली और कामती गांव में विशेष ग्राम चौपाल आयोजित हुई। नायब तहसीलदार रामसिपाही मरावी ने किसानों को नरवाई न जलाने की शपथ दिलाते हुए इसे पर्यावरण के लिए हानिकारक और कानूनन अपराध बताया। उन्होंने कहा कि इससे मिट्टी के पोषक तत्व नष्ट होते हैं। सहायक नोडल अधिकारी शिवशंकर सरयाम ने नरवाई प्रबंधन के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी। कृषक सुजय चौकसे ने जैविक खेती और फसल अवशेषों को खाद में बदलने के लाभ बताए। चौपाल में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर सामूहिक संकल्प लिया। प्रशासन ने किसानों को हैप्पी सीडर, मल्चर जैसे उपकरणों के उपयोग की सलाह दी।
