
छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मलका में बच्चों के आपसी विवाद ने बड़ा रूप ले लिया, जिसके बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों ने बताया कि 6 मार्च की सुबह करीब 11 बजे बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह विवाद बढ़कर बड़ों तक पहुंच गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई, जिससे कई लोग घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। परिजन और ग्रामीण घायलों को तुरंत जिला अस्पताल छतरपुर लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने भी घटना को गंभीरता से लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और शिकायत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में शांति बनाए रखने की अपील भी की गई है।
