शतायु पूर्व डीजीपी एच एम जोशी का सम्मान: नई पीढ़ी के लिए बने प्रेरणा स्रोत

भोपाल: मप्र पुलिस के पूर्व पुलिस महानिदेशक हरिवल्लभ मोहनलाल जोशी की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी स्थित पुलिस ऑफिसर्स मेस में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश आईपीएस एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वर्तमान और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने उनकी दीर्घ सेवाओं, नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें पुलिस सेवा का प्रेरणादायी अध्याय बताया।

समारोह में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने जोशी को शतायु होने पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी सेवाएं मध्यप्रदेश पुलिस के इतिहास में प्रेरक अध्याय के रूप में दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी जोशी ने अपने नेतृत्व, दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प से पुलिस बल का प्रभावी मार्गदर्शन किया। उनके कार्यकाल में अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की गईं और विशेष रूप से चंबल तथा बुंदेलखंड क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही दस्यु समस्या के समाधान के लिए प्रभावी रणनीतियां अपनाई गईं।

मकवाना ने बताया कि जोशी के नेतृत्व में पुलिस ने संगठित और योजनाबद्ध अभियान चलाकर कई कुख्यात डकैतों का सफाया किया और बड़ी संख्या में दस्युओं ने आत्मसमर्पण किया। इसके परिणामस्वरूप इन क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलीं और कानून व्यवस्था मजबूत हुई। उन्होंने कहा कि जोशी का कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व और जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी पुलिस अधिकारियों और जवानों के लिए प्रेरणा बना हुआ है।
कार्यक्रम में जोशी का शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। वर्ष 2024 बैच की प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी और उज्जैन की सहायक पुलिस अधीक्षक काजल सिंह ने उन्हें सम्मानित किया। यह क्षण अत्यंत भावुक और प्रेरणादायी रहा, जिसने पुलिस सेवा की परंपरा, सम्मान और पीढ़ियों के बीच जुड़ाव को भी दर्शाया।इस अवसर पर जोशी के जीवन, सेवाओं और उपलब्धियों पर आधारित एक वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया, जिसमें उनके प्रशासनिक नेतृत्व, दस्यु उन्मूलन अभियान में योगदान और पुलिस सेवा में उनके विशिष्ट कार्यों को दर्शाया गया।समारोह में कई वरिष्ठ सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। इनमें अरुण गुर्टू, एम. नटराजन, एम.एल. जैन, डी.पी. खान और एच.एस. सोनी सहित अन्य अधिकारियों ने जोशी के साथ बिताए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली की सराहना की।

अपने संबोधन में एच.एम. जोशी ने पुलिस सेवा को समाज के प्रति समर्पित सेवा बताते हुए अधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना से कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना किसी स्वार्थ और अपेक्षा के पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का पालन करता है, तो वही सच्ची सेवा कहलाती है।मध्यप्रदेश आईपीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक चंचल शेखर ने भी जोशी को 100वीं वर्षगांठ की बधाई देते हुए उन्हें सभी सेवारत पुलिस अधिकारियों के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि शतायु जीवन सकारात्मक सोच, सक्रिय जीवनशैली और उद्देश्यपूर्ण जीवन का प्रतीक है। आईपीएस एसोसिएशन को ऐसे महान अधिकारी का सम्मान करने पर गर्व है।

Next Post

सिद्धिकगंज के धरमपुरी में दोहरा हत्याकांड: जमीनी रंजिश में ताऊ ने की भतीजे और भतीजी की जघन्य हत्या

Fri Mar 6 , 2026
आष्टा: सिद्धुकगंज थाना अंतर्गत ग्राम धरमपुरी में डबल मर्डर होने से ग्राम सहित क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बड़े पिता ने अपने ही भतीजा और भतीजी की जघन्य हत्या कर दी।घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी सहित थाना प्रभारी आदि मौके पर पहुंचे। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम […]

You May Like