
बाकू। अज़रबैजान में ड्रोन हमले की एक घटना सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर ईरान से लॉन्च किए गए ड्रोन ने एक एयरपोर्ट और रिहायशी इलाके को निशाना बनाया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें एयरपोर्ट के पास आसमान में ड्रोन जैसी वस्तु के गिरने और धमाके की आवाजें सुनी जा सकती हैं। बताया जा रहा है कि यह हमला अज़रबैजान के एक हवाई अड्डे के पास हुआ, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अज़रबैजान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, एक अन्य ड्रोन भी ईरान की दिशा से उड़कर आया और एक स्कूल के पास जा गिरा। इस घटना में कम से कम दो लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि स्कूल के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद अज़रबैजान की सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हमले के स्रोत और इसके पीछे की मंशा का पता लगाया जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना क्षेत्र में पहले से चल रहे तनाव को और बढ़ा सकती है। फिलहाल सरकार ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है और एयरपोर्ट की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है।
