मुंबई, 03 मार्च (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया बुधवार को 55.75 पैसे टूटकर 92.05 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
यह पहली बार है जब डॉलर 92 रुपये से ज्यादा महंगा हुआ है। रुपये में इस ऐतिहासिक गिरावट की सबसे बड़ी वजह पश्चिम एशिया में जारी राजनीतिक तनाव को माना जा रहा है।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 91.4925 प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपये पर आज शुरू से ही दबाव रहा और यह 55.75 पैसे गिरकर 92.05 रुपये डॉलर पर खुला। बीच कारोबार में एक समय भारतीय मुद्रा 92.35 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गयी थी। यह ऊपर 91.95 प्रति डॉलर तक मजबूत हुई थी। अंत में यह 92.05 रुपये प्रति डॉलर पर ही बंद हुई।
वैश्विक स्तर पर दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में आज डॉलर में नरमी रही। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट देखी गयी। इसके बावजूद मंगलवार को इन दोनों की कीमतों में रही तेजी के कारण आज भारतीय मुद्रा पर दबाव रहा।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को महाराष्ट्र में होली की छुट्टी होने के कारण बाजार बंद था।
