
सलामतपुर। भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे 18 पर इन दिनों ओवरलोड वाहनों की आवाजाही चिंता का विषय बन गई है। खासकर भूसे से भरे ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली क्षमता से अधिक माल लेकर तेज रफ्तार में गुजर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है। सलामतपुर, बेरखेड़ी चौराहा और दीवानगंज क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग 50 से अधिक ओवरलोड वाहन भोपाल और इंदौर की ओर निकलते हैं। कई वाहनों के ऊपर लोगों के बैठने के दृश्य भी सामने आते हैं, जो जोखिम को और बढ़ाते हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि छोटे वाहन चालकों को ओवरटेक करने में भारी दिक्कत होती है। वहीं, क्षेत्र में भूसे की कमी के चलते दाम 800 से 1000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं, जिससे पशुपालक परेशान हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त जांच, स्पीड नियंत्रण उपाय और ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि यातायात सुरक्षित और सुचारू रह सके।
