शिवपुरी: जिले के अमोला थाना क्षेत्र के सलैया गांव में हुए रानी सेन हत्याकांड में पुलिस ने तीन और नाम एफआईआर में जोड़े हैं। इस मामले में अब कुल छह आरोपी नामजद हो गए हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। यह हत्याकांड रास्ते के विवाद में हुई फायरिंग के बाद हुआ था। घायल रानी सेन की मौत परसों ग्वालियर में उपचार के दौरान हो गई थी। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने तीन भाई सुगर सिंह लोधी, नरेंद्र लोधी और फेरन लोधी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।
परिजनों के बयान के आधार पर अब सुगर सिंह लोधी की पत्नी कपूरी लोधी, नरेंद्र लोधी की पत्नी गीता लोधी और फेरन लोधी के बेटे शैलेंद्र लोधी के नाम भी एफआईआर में शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही मामले में आरोपियों की कुल संख्या छह हो गई है।पुलिस ने मुख्य आरोपी सुगर सिंह लोधी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रायफल भी बरामद की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
