
इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र के संजीवनी नगर में शनिवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग के बीच फंसी एक महिला और तीन मासूम बच्चों को पुलिस व स्थानीय लोगों की तत्परता ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया. थाना प्रभारी के साथ पहुंची पुलिस टीम की तुरंत कार्रवाई से संभावित बड़ी जनहानि टल गई.
घटना शनिवार दोपहर करीब 11:45 बजे की हैं, इस दौरान थाना क्षेत्र के एक मकान में अचानक आग भड़क उठी. कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान से काला धुआं उठने लगा. इसी दौरान छत पर फंसी एक महिला और तीन बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज सेंधव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. हालात की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से आग की लपटों और धुएं के बीच फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कुछ मिनट और देरी होती तो हादसा भयावह रूप ले सकता था. घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम, फायर ब्रिगेड और विद्युत विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं. हालांकि रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमण और घरों के बाहर बने ओटलों के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस और जनता ने तुरंत मोर्चा नहीं संभाला होता, तो अतिक्रमण के कारण राहत कार्य शुरु ही नहीं हो सकता था, जिसके चलते किसी भी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता था.
