
इंदौर। लसूड़िया पुलिस ने बायपास से दो ट्रकों में भरी 80 लाख रुपए कीमत की बोल्ट सुपर स्ट्रांग बीयर जब्त की है. दोनों वाहन एक ही परमिट पर अलग-अलग चलाए जा रहे थे. पुलिस ने दोनों चालकों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
डीसीपी जोन-2 कुमार प्रतीक ने बताया कि अतिरिक्त डीसीपी अमरेन्द्र सिंह व एसीपी विजयनगर पराग सैनी के नेतृत्व में थाना प्रभारी लसूड़िया तारेश सोनी ने टीम गठित की थी. शुक्रवार की रात मुखबिर की सूचना पर एएसआई मनोज हिरवे व टीम ने इंदौर बाईपास पर घेराबंदी की. देवास की ओर से आ रहे ट्रक नम्बर एमपी 09 जीजी 7215 और एमपी 09 एचजी 7050 को रात करीब 8 बजे रोका गया. तलाशी में दोनों वाहनों में 1400-1400 कार्टून बोल्ट सुपर स्ट्रांग बीयर भरी मिली. दस्तावेज जांचने पर दोनों चालकों ने अलग-अलग लेकिन एक जैसे परमिट दिखाए, पूछताछ में एक ही परमिट पर दो वाहनों से परिवहन का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. पुलिस ने पाया कि वाहन नम्बर एमपी 09 जीजी 7215 से 1400 कार्टून (करीब 40 लाख रुपए) और वाहन नम्बर एमपी 09 एचजी 7050 से 1400 कार्टून (करीब 40 लाख रुपए) जब्त किए. इस तरह 2800 कार्टून में भरी 33,600 बल्क लीटर बीयर तथा दोनों ट्रक सहित लगभग 1 करोड़ रुपए का का माल जब्त कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में काशीराम पिता माल सिंह डाबर उम्र 38 साल निवासी पीथमपुर, जिला धार तथा शेख अजगर पिता शेख अशरफ उम्र 50 साल निवासी ग्राम झोकर, थाना मक्सी, जिला शाजापुर शामिल हैं. दोनों से जब्त शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
