
भोपाल। छोला मंदिर थाना क्षेत्र में दो परिवारों के बीच भारी विवाद हो गया. विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुस लाठी डंडे चलाते हुए सामानों की तोड़फोड़ कर दी. मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई. पुलिस ने बलवा का मामला दर्ज कर लिया है. मारपीट करने वाले फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुट गई है.
जानकारी के मुताबिक पारस धाम कालोनी में रहने वाले दो परिवारों के बीच बच्चों के पार्क में खेलने की बात को लेकर विवाद हो गया. फरियादी संजू महंत ने मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. संजू ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले नीरज नाम के व्यक्ति के बच्चों ने कालोनी में बने पार्क में खेलने की बात को लेकर उनके बच्चों से विवाद किया. इस बात से नाराज होकर नीरज अपने परिवार के महिला और पुरूष सदस्यों के साथ उनके घर में घुस गया. आरोप है कि संजू के परिवार के लोगों के साथ लाठी-डंडे से मारपीट करते हुए नीरज और उसके परिवार के लोगों ने संजू के घर में रखे सामानों की तोड़फोड़ कर दी. इस हमले से संजू के परिवार के तीन लोग घायल हो गए हैं. घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है. संजू की शिकायत पर पुलिस आरोपी नीरज और उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ बलवा का मामला दर्ज कर लिया है. मामले की शिकायत थाने में दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए हैं. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
