फ्लैट से लाखो का माल उड़ाया, मंदिर की दानपेटी तोड़ी

इंदौर: शहर और ग्रामीण इलाकों में बीती रात चोरी की तीन बड़ी वारदातें सामने आई हैं. वहीं चोरों ने मनोरमागंज में एक सूने फ्लैट से लाखों के जेवर, सांवेर के प्रसिद्ध मंदिर की दानपेटी और ग्राम बंजारी में एक रहवासी को निशाना बनाया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.पुलिस रिपोर्ट के अनुसार मनोरमागंज स्थित आश्रय अपार्टमेंट में रहने वाली मालविका मुखर्जी के सूने फ्लैट को चोरों ने निशाना बनाया. मालविका जब घर लौटीं, तो दरवाजे की कुंडी टूटी मिली. चोरों ने अलमारी से सोने की चेन, झुमके, लटकन, इयररिंग्स, ब्रेसलेट, मोती का सेट, चूड़ियाँ और मां लक्ष्मी की सोने की मूर्ति चुरा ली. इसके अलावा ड्राइंग रूम से कीमती फोन, इयरपॉड्स, 3 हजार रुपये नगद, एयरटेल राउटर और एक बैग भी पार कर दिया. संयोगितागंज पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

प्रसिद्ध उल्टे हनुमान मंदिर की दानपेटी तोड़ी...
सांवेर के सुप्रसिद्ध उल्टे हनुमान मंदिर में भी चोरी की वारदात हुई. मंदिर के पुजारी नवीन व्यास जब सुबह 7 बजे पूजा के लिए पहुँचे, तो मुख्य गेट के नकूचे टूटे मिले. अंदर जाकर देखा तो दानपात्र का ताला टूटा हुआ था और सारा चढ़ावा गायब था. पुजारी ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले ही दानपेटी खोली गई थी, जिसके कारण बड़ी रकम बच गई, फिर भी चोर करीब 5 हजार रुपये लेकर फरार हो गए. चोरी की एक अन्य वारदात ग्राम बंजारी चौपाटी के पास हुई. यहाँ इसरार पटेल के घर से बदमाश नगदी, बैंक के जरूरी कागजात और सोने की एक इस्तेमाल की हुई अंगूठी चुरा ले गए. पुलिस ने इस मामले में भी प्रकरण दर्ज किया है. सभी मामलों में पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है. मनोरमागंज मामले में पुलिस को अंदेशा है कि किसी ने रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया है. सांवेर पुलिस ने भी संदिग्धों की धरपकड़ शुरू कर दी है

Next Post

जलवायु अनुकूल भविष्य की दिशा में कदम, सीएम डॉ यादव ने विजन 2047 पुस्तक का किया विमोचन

Fri Feb 27 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वन विभाग द्वारा प्रकाशित विजन 2047 रीइमैजिनिंग फॉरेस्ट रिसोर्सेस फॉर ए क्लाइमेट रेसिलियंट फ्यूचर पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक जलवायु परिदृश्य में वन संसाधनों का संरक्षण और वैज्ञानिक प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विजन […]

You May Like