होली से पहले रायगढ़ पुलिस की सख्ती, 100 बदमाशों को तलब कर दी अंतिम चेतावनी

रायगढ़, 26 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ में रायगढ़ पुलिस ने होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आदतन अपराधियों और निगरानी बदमाशों को तलब कर सख्त चेतावनी दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में पहल करते हुए शहर के 100 से अधिक निगरानी बदमाशों, गुंडा सूची में दर्ज व्यक्तियों, सजायाफ्ता अपराधियों एवं संदिग्ध प्रवृत्ति के लोगों को पुलिस कार्यालय में तलब कर कड़ी चेतावनी दी।

एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी चिह्नित बदमाश अपराध से तौबा कर समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन व्यतीत करें। यदि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या शिकायत सामने आती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

होली को दृष्टिगत रखते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किए गए थे कि वे थानों के अभिलेखों में दर्ज निगरानी बदमाशों, गुंडा सूची में शामिल व्यक्तियों तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को तलब कर सख्त समझाइश दें। निर्देशों के पालन में थाना स्तर पर पहले बैठकें आयोजित की गईं, तत्पश्चात चिन्हित व्यक्तियों को एसपी कार्यालय में उपस्थित कराया गया।

पुलिस कार्यालय में आयोजित बैठक में एसएसपी ने संबंधित व्यक्तियों को नशे और बुरी संगत से दूर रहने, सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा जीवन की नई शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सुधार का अवसर दे रही है और यह भविष्य संवारने का सुनहरा मौका है। किंतु दोबारा अपराध में लिप्त पाए जाने पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय के माध्यम से दंड दिलाया जाएगा।

बैठक के दौरान कुछ व्यक्तियों ने बताया कि उनके विरुद्ध लंबे समय से कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। इस पर एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को अभिलेखों का सत्यापन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त, नशा छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को समाज कल्याण विभाग एवं पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से सहयोग उपलब्ध कराने तथा बेरोजगार व्यक्तियों को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन से समन्वय करने की बात भी कही गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, छेड़खानी, नशाखोरी या अन्य आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित व्यक्तियों ने अपराध छोड़कर समाज और पुलिस के सहयोगी बनने का संकल्प लिया।

Next Post

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी की तलाश में पुलिस

Thu Feb 26 , 2026
भोपाल। शाहपुरा थाना इलाके में एक आरोपी युवक ने युवती को शादी का झांसा देते हुए दुष्कर्म किया. 25 वर्षीय पीड़िता ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी कुणाल पंथी पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है. काम के सिलसिले […]

You May Like