दुबई, 25 फरवरी (वार्ता) क्षेत्रीय विमान सेवा कंपनी फ्लाई91 के बेड़े में दो नये एटीआर72-600 विमान शामिल हुए जिनका इस्तेमाल एयरलाइन अपने नेटवर्क विस्तार के लिए करेगी। एयरलाइन ने बुधवार को बताया कि उसने ये विमान संयुक्त अरब अमीरात की कंपनी दुबई एयरोस्पेस एंटरप्राइजेज से लिये हैं। औपचारिक तौर पर दोनों विमान यहां दुबई वर्ल्ड सेंट्रल में हुए एक समारोह में फ्लाई91 को सौंपे गये।
कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अब उसके बेड़े में विमानों की संख्या बढ़कर छह हो गयी है। फ्लाई91 के नेटवर्क में वर्तमान में नौ शहर शामिल हैं। ये शहर हैं – मोपा (गोवा), अगाती (लक्षद्वीप) सोलापुर, जलगांव, सिंधुदुर्ग, पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोच्चि। एयरलाइंस ने मार्च 2026 के अंत तक छह नये शहरों को अपने नेटवर्क में शामिल करने की घोषणा की है। नये गंतव्यों में आंध्र प्रदेश में राजमुंद्री और विजयवाड़ा, कर्नाटक में हुबली, महाराष्ट्र में नांदेड़, दक्षिणी गोवा में डाबोलिम और मध्य प्रदेश में इंदौर शामिल हैं।

