हैदराबाद | भारतीय संगीत जगत के मशहूर पार्श्व गायक अरिजीत सिंह ने हाल ही में संन्यास की घोषणा कर करोड़ों फैंस को भावुक कर दिया था। अब उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक लंबा और भावुक पोस्ट लिखकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। अरिजीत ने लिखा कि हालांकि उन्होंने नए प्रोजेक्ट्स लेना पूरी तरह बंद कर दिया है, लेकिन उनके पास अधूरे गानों की एक लंबी फेहरिस्त है। उन्होंने प्रशंसकों को भरोसा दिलाया कि ये अधूरे गाने आने वाले कई महीनों और शायद अगले साल तक रिलीज होते रहेंगे। गायक ने दुनिया को ‘निर्दयी’ बताते हुए अपने सुनने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया और उन्हें प्यार भरा संदेश दिया।
अरिजीत ने अपने फैसले के पीछे की सच्चाई साझा करते हुए स्वीकार किया कि वह एक ही तरह के काम से जल्दी ऊब जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह गायकी के वर्तमान पेशे (पार्श्व गायन) को छोड़ रहे हैं, लेकिन संगीत बनाना बंद नहीं करेंगे। उन्होंने लिखा, “मुझे जीने के लिए अब कुछ अलग तरह का संगीत करना होगा।” अरिजीत ने यह भी कहा कि वह नए गायकों को उभरते हुए देखकर खुश हैं। उन्होंने अपने प्रशंसकों से अनुरोध किया कि वे उनके इस फैसले पर किसी से बहस न करें और अपनी ऊर्जा लोगों को समझाने में बर्बाद करने के बजाय अपने स्वयं के जीवन पर ध्यान केंद्रित करें।
अरिजीत सिंह के इस चौंकाने वाले फैसले की गूँज बॉलीवुड के गलियारों में भी सुनाई दे रही है। खबरों के मुताबिक, सुपरस्टार आमिर खान खुद अरिजीत से मिलने उनके मुर्शिदाबाद स्थित घर पहुंचे थे। एक वायरल वीडियो में आमिर उन्हें समझाते हुए कह रहे हैं, “ऐसे मत कर यार, हम लोगों का क्या होगा भाई?” आमिर ने उनसे हिंदी फिल्मों के लिए गाना न छोड़ने का आग्रह किया है। हालांकि, अरिजीत अपने फैसले पर अडिग नजर आ रहे हैं और उन्होंने अपनी ‘हिम्मत’ जुटाकर इस सफर को विराम देने की बात कही है। फिलहाल, फैंस उनके आने वाले उन ‘अधूरे गानों’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

