
मनासा। नगर के भाटखेड़ी नाके के पास परोंत पिपलिया क्षेत्र में अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना में चार लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पास के एक पेड़ पर लगे छत्ते से अचानक मधुमक्खियां झुंड बनाकर नीचे आ गईं और राहगीरों को डंक मारने लगीं। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घायलों में राहुल पिता विष्णु नागदा, कपिल पिता विष्णु नागदा, कौशल्या बाई पति किशोर नागदा और चैतन्य पिता राहुल नागदा (सभी निवासी मनासा) शामिल हैं। सभी को तुरंत मनासा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। एक घायल का इलाज मनासा में ही चल रहा है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों को सुरक्षित तरीके से हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
