विदाई के बाद सीधे ‘बीट पर पहुंचीं स्वच्छता दीदी, निगमायुक्त ने की सराहना

जबलपुर: कहते हैं कि जब इरादों में मजबूती और काम के प्रति समर्पण हो, तो थकान भी आड़े नहीं आती। कुछ ऐसा ही नजारा शहर में सुबह की सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान देखने को मिला, जिसने न केवल निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार का दिल जीत लिया, बल्कि पूरे शहर के लिए एक सकारात्मक संदेश भी दिया। रोजाना की तरह निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार शहर की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेने सड़कों पर निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर एक महिला सफाई मित्र पर पड़ी जो पूरी तन्मयता से सड़क साफ कर रही थीं। खास बात यह थी कि वे अपनी नियमित ड्रेस में नहीं थीं। जब निगमायुक्त ने रुककर उनसे चर्चा की और ड्रेस के बारे में पूछा, तो जो जवाब मिला उसने सबको गौरवान्वित कर दिया।
शादी से सीधे आई थी काम पर
स्वच्छता नायिका मोना दीदी ने बेहद सादगी से बताया कि वे रात भर एक शादी समारोह में व्यस्त थीं। जैसे ही वहां से फ्री हुईं, घर जाकर आराम करने के बजाय उन्होंने अपने कर्तव्य को प्रधानता दी और सीधे अपनी ‘बीट पर सफाई के लिए पहुंच गईं। उनके पास वर्दी बदलने का भी समय नहीं था, क्योंकि उनके लिए शहर को साफ रखना पहली प्राथमिकता थी।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि सफाई के प्रति ऐसा जुनून ही हमारे शहर को नंबर वन बनाएगा। मोना दीदी जैसी कर्मठ नायिकाएं समाज के लिए असली प्रेरणा हैं जो ‘कर्म ही पूजा है की परंपरा को चरितार्थ कर रही हैं। निगमायुक्त ने मोना दीदी की मेहनत और समर्पण देखकर सराहना की और अन्य लोगों को भी इसी जुनून के साथ शहरहित में काम करने की प्रेरणा दी।

Next Post

जनता के द्वार पहुंचकर समस्याओं से रूबरू हो रहे निगमायुक्त

Mon Feb 23 , 2026
जबलपुर: नगर निगम के आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार केवल ऑफिस में ही नहीं बल्कि जमीन पर उतरकर भी आमजनों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। इसी कड़ी में निगमायुक्त अपने विशेष सफाई अभियान के तहत शहर के सघन बाजारों के साथ-साथ उन बस्तियों और संकरी गलियों में भी पहुँच […]

You May Like