
भिंड। कस्बे में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बीच सड़क पर एक युवक को पीठ में गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अचानक दौड़ता हुआ आया और शराब ठेके के सामने सड़क पर गिर पड़ा। पास जाकर देखने पर उसकी पीठ में गोली लगने की पुष्टि हुई। युवक की पहचान मुकेश कुरचानियां उर्फ गिरोंड़े (निवासी वार्ड 15, दबोह) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल लहार सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन, हेडफोन तथा पैरों के पास पड़ा एक अवैध कट्टा बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। नाराज परिजनों ने शव को लहार थाने के सामने रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, रंजिश की आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर पहले भी कई मामले दर्ज थे। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों से उसका पुराना विवाद चल रहा था, जिसे हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
इनका कहना है
दबोह कस्बे में अज्ञात हमलावरों द्वारा युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। टीआई एवं एसडीओपी की टीम जांच में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
असित यादव पुलिस अधीक्षक भिंड
