भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राजधानी के पुलिस लाइन स्टेडियम में आयोजित दिव्यांगजन खेल महोत्सव-2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का सशक्त साधन है।
दिव्यांग खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से समाज को नई प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।कार्यक्रम में विभिन्न खेल विधाओं की प्रतियोगिताओं की शुरुआत की गई, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल रहा। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
