इंदौर:नगर निगम आयुक्त ने आज शहर के सार्वजनिक और व्यवसायिक क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सभी दुकानों पर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखवाने के अधिकारियों को आदेश दिए. साथ नो रेड स्पॉट अभियान के तहत चलानी कार्रवाई के निर्देश दिए.निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज झोन 11 में शहर के व्यस्त इलाके छावनी, सरवटे बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन में सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन एवं रेड स्पॉट अभियान के तहत विशेष निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिंघल ने छावनी एवं सरवटे क्षेत्र सहित प्रमुख व्यावसायिक बाजारों में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है, इसलिए उक्त स्थानों पर स्वच्छता का सख्ती से पालन किया जाए. आयुक्त ने रेड स्पॉट अभियान के तहत व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, होटल, रेस्टोरेंट एवं विशेष रूप से पान की दुकानों पर डस्टबिन के साथ अनिवार्य रूप से पीकदान रखने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर थूकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने हेतु प्रत्येक पान दुकान पर पिकदान की व्यवस्था करवाई जाए.
कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई करें
आयुक्त सिंघल ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं सीएसआई को निर्देश दिए कि शहर के सभी बाजारों में दुकानों पर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने का पालन करवाएं. इसके लिए एनजीओ प्रतिनिधियों की नियुक्ति कर निरंतर मॉनीटरिंग की जाए. साथ ही कचरा फैलाने वाले अथवा डस्टबिन नहीं रखने वाले दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करें. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रखर सिंह, सभी स्वास्थ्य अधिकारी, सीएसआई और स्वास्थ विभाग के कर्मचारी मौजूद थे.
