जबलपुर: विधानसभा सत्र में शुक्रवार को जबलपुर उत्तर-मध्य से विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने क्षेत्र के 5,000 से अधिक परिवारों की लीज होल्ड भूमि को फ्री-होल्ड कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। विधायक द्वारा लगाए गए तारांकित प्रश्न (क्र. 1411) पर चर्चा के दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आगामी तीन माह के भीतर कार्यवाही पूर्ण करने का बड़ा आश्वासन दिया है।विदित हो कि विधायक पाण्डेय पिछले एक वर्ष से इस विषय पर लगातार संघर्षरत हैं ,इस विषय पर मार्च 2025 में सबसे पहले ध्यानाकर्षण के माध्यम से सदन का ध्यान खींचा था।जुलाई 2025 में इससे संबंधित प्रश्न लगाकर एवं बजट सत्र में आज पुन: तारांकित प्रश्न लगाकर सदन का ध्यान इस जनहित के विषय की ओर आकर्षित किया।
जबलपुर उत्तर मध्य विधानसभा के विधायक डॉ अभिलाष पाण्डेय ने विधानसभा में प्रश्न उठाते हुए कहा कि मेरी विधानसभा अंतर्गत सुभद्रा कुमार चौहान, भवानी प्रसाद तिवारी, स्वामी दयानंद सरस्वती एवं राममनोहर लोहिया वार्ड में निवासरत 5000 परिवारों को लीज होल्ड भूमि की समस्या का सामना करना पड़ रहा है जिसको लेकर मुझसे लगातार वो अपनी बात रखते हैं,इसके अलावा लीज होल्ड होने से अनेक प्रकार की विसंगतियां एवं नियमों में स्पष्टता न होने की वजह से बेवजह का भटकाव एवं असुविधा का सामना करना पड़ता है, मैंने विगत सत्र में भी इस ओर ध्यान आकर्षित करवाया था और मंत्री जी इसको लेकर संबंधित अधिकारियों से जवाब भी मांगा था। इस दौरान डॉ पाण्डेय ने कहा कि इस विषय में ठोस कदम उठाकर समस्या को दूर किया जाए और नियमों को जनता के लिए सुविधाजनक बनाया जाए।
