कोचिंग जा रहे 10वीं के छात्र पर जानलेवा हमला, सिर में मारी लाठी

गुना: शहर के कुसमोदा क्षेत्र में बुधवार सुबह दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां विकास नगर स्थित कोचिंग जा रहे एक 16 वर्षीय छात्र के साथ 3 से 4 युवकों ने बेरहमी से मारपीट कर दी। आरोपियों ने छात्र के सिर पर लाठी से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया और उसकी मोटरसाइकिल छीनकर 10 हजार रुपए भी मांगे हैं।पीड़ित छात्र अभिषेक पुत्र बबलू ओझा निवासी बमौरी बुजुर्ग बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल से कोचिंग के लिए निकला था।

रास्ते में एक चाय की दुकान के पास खड़ी एक अन्य मोटरसाइकिल से अभिषेक की बाइक हल्की सी टकरा गई। इसी बात पर वहां मौजूद 4-5 युवक भड़क गए और उन्होंने अभिषेक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब छात्र ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने छात्र के सिर पर लाठी से जोरदार प्रहार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

आरोपी यहीं नहीं रुके; उन्होंने छात्र की मोटरसाइकिल छीन ली। घटना के कुछ देर बाद आरोपी छात्र के घर भी जा धमके और मोटरसाइकिल वापस करने के बदले 10 हजार रुपए की मांग करने लगे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने घायल छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उसका उपचार जारी है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावर कुसमोदा क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घायल छात्र को फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Next Post

कर्ज के मुद्दे पर कांग्रेस का सांकेतिक प्रदर्शन, खाली गुल्लक लेकर विधानसभा पहुंचे विधायक

Wed Feb 18 , 2026
भोपाल: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विधायकों ने राज्य सरकार द्वारा लिए जा रहे भारी कर्ज के विरोध में विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक गांधी प्रतिमा के सामने हाथों में खाली गुल्लक और नारे लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे तथा सरकार की आर्थिक […]

You May Like