ढाका | बांग्लादेश में 18 महीने के अंतरिम शासन के बाद आज एक नया राजनीतिक अध्याय शुरू होने जा रहा है। बीएनपी (BNP) के चेयरमैन तारिक रहमान आज देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। सत्ता छोड़ने से ठीक पहले अंतरिम सरकार के मुखिया और नोबेल विजेता मुहम्मद युनुस ने राष्ट्र के नाम अपना अंतिम संबोधन दिया। उन्होंने गर्व से कहा कि उनके कार्यकाल ने बांग्लादेश की ‘संप्रभुता, राष्ट्रीय हितों और गरिमा’ को वैश्विक मंच पर फिर से स्थापित किया है। युनुस ने जोर देकर कहा कि अब बांग्लादेश किसी अन्य देश के निर्देशों पर निर्भर रहने वाला ‘विनम्र’ राष्ट्र नहीं रहा, बल्कि एक स्वाभिमानी देश बन चुका है।
अपने संबोधन में युनुस ने अगस्त 2024 से शुरू हुए अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि उनके प्रशासन ने लोकतांत्रिक अधिकारों को मजबूत करने के लिए करीब 130 नए कानून बनाए और 600 कार्यकारी आदेश जारी किए, जिनमें से अधिकांश लागू हो चुके हैं। उन्होंने व्यापारिक पारदर्शिता और पोर्ट मैनेजमेंट में वैश्विक मानकों को अपनाने की बात भी कही। युनुस ने देशवासियों से अपील की कि वे धर्म, जाति और पार्टी से ऊपर उठकर एक न्यायपूर्ण और लोकतांत्रिक बांग्लादेश के निर्माण के लिए संघर्ष जारी रखें।
भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा करते हुए युनुस ने नेपाल, भूटान और पूर्वोत्तर भारत के साथ व्यापक क्षेत्रीय सहयोग पर जोर दिया। उन्होंने कनेक्टिविटी को देश के विकास का अगला सबसे महत्वपूर्ण चरण बताया और कहा कि बांग्लादेश का समुद्री तट वैश्विक अर्थव्यवस्था का प्रवेश द्वार है। गौरतलब है कि 12 फरवरी को हुए संसदीय चुनावों में तारिक रहमान की पार्टी बीएनपी ने 299 में से 211 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। युनुस ने बहुत उम्मीदों के साथ विदा लेते हुए नई सरकार के लिए एक मजबूत और आत्मनिर्भर नींव छोड़ने का दावा किया है।

