कल्याणी, 17 फरवरी (वार्ता) जम्मू-कश्मीर ने बंगाल को रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में मंगलवार को दूसरी पारी में मात्र 99 रन पर ढेर कर दिया। जम्मू-कश्मीर ने 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए स्टंप्स तक दो विकेट पर 43 रन बना लिए हैं और फ़ाइनल में पहुंचने के लिए उसे 83 रन की जरूरत है। पहली पारी में 328 रन बनाने वाले बंगाल की दूसरी पारी बुरी तरह लड़खड़ा गयी और मैच के तीसरे दिन 251 ओवर में मात्र 99 रन पर ढेर हो गयी। आकिब नबी और सुनील कुमार ने चार-चार विकेट लेकर बंगाल का पुलिंदा बांध दिया। मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए आकाश दीप ने जम्मू-कश्मीर को शुरूआती दो झटके दिए लेकिन शुभम सिंह पुंडीर ने नाबाद 23 और वंशज शर्मा ने नाबाद नौ रन बनाकर जम्मू-कश्मीर को कोई और नुकसान नहीं होने दिया।
कर्नाटक के 736, उत्तराखंड 149/5
——————————————
लखनऊ (वार्ता) कर्नाटक ने छह विकेट पर 689 रन से आगे खेलते हुए अपनी पहली पारी में 736 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। आर स्मरण 135 और विद्याधर पाटिल 54 रन बनाकर आउट हुए। उत्तराखंड ने इसके बाद स्टंप्स तक अपने पांच विकेट 149 रन पर खो दिए हैं। लक्ष्य रायचंदानी 52 रन बनाकर और सौरभ रावल 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं।उत्तराखंड अभी पहली पारी में 587 रन से पीछे है।

