भोपाल। आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा डायल-112 ने एक बार फिर संकट की घड़ी में जीवन रक्षक की भूमिका निभाते हुए पिकअप वाहन हादसे में घायल 12 लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर सराहनीय कार्य किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 8 बजे विलायत घाट स्थित नायरा पेट्रोल पंप के समीप एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में सवार सभी लोग पतरहटा में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव अखड़ार लौट रहे थे। दुर्घटना में महिला एवं बच्चों सहित कुल 12 लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम, भोपाल को मिलते ही थाना चंदिया क्षेत्र में तैनात डायल-112 टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। आरक्षक सुनील सिकरवार और पायलट विजय कुमार यादव ने घटनास्थल पर पहुंचकर बिना विलंब राहत कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एफआरव्ही वाहन और एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदिया पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि टीम की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और पेशेवर दक्षता के कारण संभावित गंभीर परिणामों को टाला जा सका। इस उत्कृष्ट सेवा से आपातकालीन पुलिस व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है। संबंधित पुलिसकर्मियों को उनके समर्पण और मानवीय प्रतिबद्धता के लिए मुख्यालय स्तर पर सराहना दी जा रही है।
