उज्जैन:बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन एक बार फिर नवाचार की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाने जा रही है. शहर की सड़कों पर देश की पहली इलेक्टि्रक डबल डेकर बस का डेमो शुक्रवार को किया जाएगा.चेन्नई से विशेष रूप से ट्रायल के लिए मंगवाई गई यह बस अशोक लीलैंड कंपनी द्वारा निर्मित है, जिसे ‘स्वीच मोबिलिटी’ नाम दिया गया है. अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह बस पूरी तरह प्रदूषण मुक्त है और स्मार्ट सिटी की दिशा में एक बड़ा प्रयास मानी जा रही है.
बस चालक राजा के अनुसार यह बस एक बार फुल चार्ज होने पर 380 किलोमीटर तक चल सकती है. इसकी अधिकतम रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा है. यात्रियों की सुविधा के लिए बस में कुल 69 सीटें हैं, जिनमें निचली मंजिल पर 30 और ऊपरी मंजिल पर 39 सीटें उपलब्ध हैं. डबल डेकर संरचना के कारण यात्री ऊपरी तल से शहर का विहंगम दृश्य भी देख सकेंगे. नवभारत से चर्चा में समाजसेवी गोविंद (बबलू) यादव ने बताया कि उनके प्रयासों से इस बस को उज्जैन में डेमो के लिए लाया गया है. शुक्रवार को टॉवर चौक पर अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रायल रन शुरू होगा और शहर के विभिन्न मार्गों पर इसका परीक्षण किया जाएगा. सफल परीक्षण के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी.
निशुल्क संचालन
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बस में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की जाएगी. इससे श्रद्धालुओं को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी. फिलहाल टॉवर चौक पर खड़ी इस आकर्षक बस को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और शहर में इसे लेकर उत्साह का माहौल है.
योजना सफल रही तो सिंहस्थ में भी चलेगी
महाकुंभ में 30 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई जा रही है ऐसे में 30 हजार करोड़ की राशि से उज्जैन को संवारा जा रहा है. यदि महाशिवरात्रि पर निशुल्क बस चलाने के सुखद परिणाम आए तो सिंहस्थ महाकुंभ में भी इलेक्ट्रॉनिक डबल डेकर यात्री बस चलाई जाएगी.
