सतना : रेलवे स्टेशन पर बुधवार तडक़े उस वक्त एक दर्दनाक हादसा सामने आ गया जब चलती ट्रेन में चढऩे के प्रयास में एक छात्रा अपनी जान गवां बैठी. हलांकि छात्रा को फौरन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जांच करते ही उसे मृत घोषित कर दिया गया. रीवा की छात्रा परीक्षा देने के लिए एर्नाकुलम जा रही थी.प्राप्त जानकारी के अनुसार रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत लालगांव की रहने वाली 25 वर्षीय छात्रा अंजलि साकेत पिता चंद्रमणि परीक्षा देने के लिए एर्नाकुलम जा रही थी.
इसके लिए वह रीवा से सतना पहुंची और रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आने का इंतजार करने लगी. बताया गया कि इंतजार के दौरान उसकी आंख लग गई. इसी दौरान बुधवार तडक़े 4:30 बजे ट्रेन सतना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्र. 1 पर पहुंच गई. हलांकि अंजलि की नींद खुल गई थी लेकिन ट्रेन को लेकर उसे असमंजस होने लगा. इसी दौरान ट्रेन के चलने का समय हो गया. तब कहीं जाकर अंजिल को मालुम हुआ कि उसे उसी ट्रेन में बैठना था.
लिहाजा वह अपना सामान लेकर ट्रेन में चढऩे का प्रयास करने लगी. लेकिन समान लेकर चलती ट्रेन में चढऩे के प्रयास के दौरान गेट की सढ़ी पर उसका पैर फिसल गया. लिहाजा संतुलन बिगड़ते ही वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच जा गिरी. ट्रेन की चपेट में बुरी तरह घायल होता देख प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई. जिसे सुनकर आरपीएफ-जीआरपी अमला भागकर मौके पर पहुंचा. आनन-फानन में उसे उपचार के लिए निकट स्थित जिला चिकित्सालय ले जाया गया. लेकिन वहां पर जांच करते हुए ड्यूटी डॉक्टर द्वारा ब्रॉट डेड घोषित कर दिया गया.
मोबाइल से हुई पहचान
दुर्घटना में मृत छात्रा की पहचान होने में 7 घंटे से अधिक का समय लग गया. जब जीआरपी द्वारा छात्रा के मोबाइल की जांच की गई तो उसमें सतना से केरल के एर्नाकुलम तक का ऑनलाइन टिकट नजर आया. जिसके बाद मृतका की पहचान करते हुए परिजनों को घटना की सूचना दी गई. सूचना पाकर सतना पहुंचे परिजन बेहाल हुए जा रहे थे. पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों के अनुसार अंजलि रीवा स्थित शासकी महाविद्यालय में एम ए फाइनल ईयर की छात्रा थी. वह एर्नाकुलम में आयोजित परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए जा रही थी
