मुरैना: जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल करहधाम आज पूरी तरह रामभक्ति में डूबा है. चारों ओर रामनाम की गूंज सुनाई दे रही है और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ यहां पहुंच रही है. अंचल के विख्यात संत बाबा पटिया वाले रामरतनदास महाराज की 68वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चल रहा है.
आज रविवार को उनकी बरसी मनाई जा रही, जिसमें 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. देश के विभिन्न राज्यों से शिष्य और अनुयायी करहधाम पहुंचकर रामनाम का जाप कर एवं प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ ले रहे हैं. इस दौरान लगातार रामनाम की धुन चल रही है. साथ ही वेद, पुराण, भागवत, गीता पाठ और यज्ञ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन भी हो रहे हैं.
भव्य प्रसादी व्यवस्था, रात 12 बजे तक होगा वितरण
धर्मलाभ लेने पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए करहधाम में विशाल प्रसादी व्यवस्था की गई है. बालभोग के बाद दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक लगातार प्रसादी वितरण किया जा रहा है. इस कार्य में 2 हजार से अधिक हलवाई और कारीगर जुटे हुए हैं.
