
उज्जैन। नगर निगम ने शनिवार को अतिक्रमण मामले में बड़ी कार्रवाई की। यहां नजरअली मिल कम्पाउंड परिसर में स्थित पांच पीर वाली गेब शाह बाबा की दरगाह के पास किये अवैध अतिक्रमण को निगम की टीम ने ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी संख्या पुलिस बल मौजूद रहा, शाम को एक बार फिर लोग एकत्रित हो गए जिसके चलते पुलिस पर मौके पर पहुंचा और उन्हें कंपाउंड परिसर से बाहर कर दिया। आगर रोड स्थित नजर अली मिल कम्पाउंड में वर्षों पुरानी दरगाह और मजार के पास अतिक्रमण कर शेड बना लिया था। जिसकी लगातार हो रही शिकायत को देखते हुए निगम ने दरगाह कमेटी को कई नोटिस दिए। बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर शनिवार को भारी संख्या में निगम का अमला जेसीबी, कटर लेकर मौके पर पहुंचा और मजार की बाउंड्री व शेड को तोड़ दिया। सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया कि धर्म स्थल से अतिक्रमण हटाने के दौरान 3 थानों के टीआई सहित 50 से अधिक का पुलिस बल मौजूद रहा। नोटिस देने के बाद ही कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के समय कोई विरोध नहीं हुआ। इस दौरान दर्गा के बाहर बना शेड और बाउंड्री हटाने के साथ करीब एक दर्जन पेड़ भी काटना पड़े।
दरगाह कमेटी खुद तोड़ेगी अतिक्रमण
दरगाह कमेटी के मोहम्मद गुफरान ने बताया कि पांच पीर वाली गेबशाह बाबा के नाम से मशहूर दरगाह और मजार है जोकि करीब 150 साल पुरानी है , सभी धर्म के लोग यहां आते हंै। नगर निगम ने 29 और 16 नोटिस दिया था। जिसका जवाब दे दिया था। दरगाह छोड़ बाकी निर्माण तोडक़र निगम ने तार फेंसिंग कर दी। अब शेष अतिक्रमण खुद हटा रहे है। रमजान आने वाला है। शेड हटाने पर हम किस तरह से इबादत करेंगे।
