प्रशासन की मुस्तैदी से रुका बाल विवाह, 16 वर्षीय बालिका को मिली नई जिंदगी

सतना। सतना जिले के नागौद विकासखण्ड में प्रशासन की सक्रियता से एक नाबालिग लड़की के होने जा रहे विवाह को ऐन वक्त पर रोक दिया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन नम्बर 1098 से मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने इस सामाजिक बुराई को होने से बचा लिया।

परियोजना अधिकारी इन्द्रभूषण तिवारी को सूचना मिली थी कि जसो थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय बालिका का विवाह तय किया गया है। एसडीएम अनिकेत शांडिल्य के निर्देशन में जब मामले की गहन तहकीकात की गई, तो पता चला कि विवाह नागौद थाना क्षेत्र के ग्राम रहिकवारा में संपन्न होने वाला है। एसडीएम के निर्देश पर नागौद टीआई अशोक पाण्डेय और जसो टीआई बृजभान सिंह की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्यवाही की। पुलिस टीम ने रहिकवारा पहुंचकर वर पक्ष को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी, जिसके बाद वे विवाह रोकने पर सहमत हुए। परियोजना अधिकारी और पुलिस टीम ने बालिका के घर पहुंचकर उम्र का सत्यापन किया और परिजनों को बाल विवाह के दुष्परिणामों व कानूनी सजा के बारे में विस्तार से समझाया। समझाइश के बाद परिजनों ने लिखित सहमति दी कि वे बेटी की शादी 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद ही करेंगे।

एसडीएम नागौद अनिकेत शांडिल्य ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि बाल विवाह एक सामाजिक अभिशाप है। इसे रोकने के लिए सजग रहें और ऐसी किसी भी सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 1098 या महिला एवं बाल विकास विभाग को तुरंत सूचित करें।

Next Post

गाय के बछड़े पर तेंदुआ ने किया हमला

Sat Feb 7 , 2026
जबलपुर। ईस्टलैंड खमरिया स्थित एन टाइप पुराने स्कूल परिसर के पास तेंदुए ने गाय के बछड़े पर हमला करते हुए उसका गला दबाया। जिसके बाद बछड़े का शोर सुनकर स्थानीय लोग जागे और फिर उन्होनें शोर मचाया। लोगों का शोर सुनते ही तेंदुए ने बछड़े को छोड़ा और भाग निकला। […]

You May Like

मनोरंजन