
सारंगपुर। ग्राम लीमा चौहान थानातंर्गत ग्राम काचरियाभाई में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. बदमाशों ने एक बस कंडक्टर के सूने मकान को निशाना बनाते हुए वहां रखे करीब 7 लाख 25 हजार रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और कीमती सामान चुरा लिया. परिवार के सदस्य सारंगपुर गये हुए थे. जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घर के ताले चटकाए और कीमती माल समेटकर फरार हो गए. पुलिस द्वारा सरगर्मी से आरोपियों की तलाश की जा रही है.
जानकारी के अनुसार सारंगपुर क्षेत्र के लीमा चौहान थानांतर्गत ग्राम काचरियाभाई में यह चोरी की घटना हुई. यहां रहने वाले बस कंडेक्टर दिनेश चौहान के मकान से अज्ञात बदमाश लाखों का सामान ले गये. चोरी की घटना का पता तब चला जब पड़ोस में रहने वाले अरविंद सिकरवार ने देखा कि घर का सामान बाहर अस्त-व्यस्त पड़ा है. इसकी तुरंत जानकारी मकान मालिक को दी. इस पर मकान मालिक आये . मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था. अंदर अलमारियों का सामान फर्श पर पड़ा था. चोर यहां से आभूषण, नगदी ही नहीं चुराकर ले गये अपितु आवश्यक दस्तावेजों को भी फेंक गये. चोर करीब 7 लाख 25 हजार कीमत के आभूषण व नगदी चोरी कर ले गये.
सारंगपुर गये थे परिजन
जानकारी के अनुसार मकान मालिक का परिवार बीते करीब दस दिनों से सारंगपुर गया हुआ था. इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दे दिया. मकान मालिक दिनेश चौहान ने पुलिस को बताया कि चोर अलमारी से करीब 4.5 लाख रुपए कीमत का 3 तौला सोना और 2.5 लाख रुपए कीमत की 1 किलो चांदी ले गए. 15 हजार रुपए नकद और 10 हजार रुपए की एलईडी टीवी भी ले गये. जल्दबाजी में घर से चुराए गए कुछ कपड़े पास के ही खेत में फेंक गये.
पुलिस कर रही सरगर्मी से तलाश
जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. बारीकि से जांच शुरु की. पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर संदिग्धों की तलाश शुरु कर दी है. जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. थाना प्रभारी के अनुसार संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होंने अपील की है कि लंबे समय के लिए घर से बाहर जाते समय पड़ोसियों को सूचित करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दे.
