चौहान ने खरीफ सीजन के लिए की तैयारियों की समीक्षा

नयी दिल्ली 14 जून (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगामी खरीफ सीजन के लिए खाद, बीज और कीटनाशकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया है।
श्री चौहान ने शुक्रवार को यहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ खरीफ सीजन 2024 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि फसलों के लिए सामग्रियों का समय पर वितरण और गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपूर्ति श्रृंखला में किसी भी तरह की बाधा से बुआई में देरी होती है, जिससे उत्पादन प्रभावित होता है, तो इसे हर कीमत पर टाला जाना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने संबंधित विभाग को किसानों को किसी भी तरह की समस्याओं से बचाने के लिए स्थिति की निरंतर निगरानी और समीक्षा करने के निर्देश दिए। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर और भागीरथ चौधरी भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में उर्वरक विभाग, केंद्रीय जल आयोग और भारतीय मौसम विभाग के अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण दिए। कृषि एवं किसान कल्याण सचिव मनोज आहूजा और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने खरीफ सीजन की तैयारियों के बारे में जानकारी दी।
इससे पहले कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (डीएआरई) के कामकाज की समीक्षा करते हुए श्री चौहान ने कृषि उत्पादकता में सुधार के लिए खेतों के मशीनीकरण बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कृषि शिक्षा को पेशे से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया ताकि कृषि विज्ञान में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले लोग खेती के तरीकों से जुड़ सकें।
उन्होंने किसान विकास केंद्रों की उपयोगिता में सुधार के लिए गहन चर्चा पर जोर दिया ताकि उन्हें देश के अंतिम किसान तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि तकनीकी का प्रभावी उपयोग कृषि क्षेत्र में क्रांति ला सकता है और वैज्ञानिकों से उत्पादकता में सुधार और नई किस्मों के विकास पर लगातार काम करने का आह्वान किया।
श्री चौहान ने कहा कि प्राकृतिक खेती को सरल बनाने की आवश्यकता है ताकि अधिक से अधिक किसान इसे अपनी खेती के लिए अपनाएं।

Next Post

धर्मेंद्र प्रधान ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया

Fri Jun 14 , 2024
नयी दिल्ली,14 जून (वार्ता) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने चिकित्सा कॉलेजों में दाखिला के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट- यूजी) पेपर लीक के आरोपों को खारिज करते हुए विद्यार्थियों को शुक्रवार को आश्वासन दिया कि उनकी सभी चिंताओं का निष्पक्षता और समानता के साथ […]

You May Like