टीकमगढ़: शहर के मध्य स्थित शिवनगर कॉलोनी में शुक्रवार की शाम एक हृदय विदारक हादसे में दो नाबालिग सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों बच्चे खेलते समय पास ही स्थित एक निर्माणाधीन मकान के खुले सेप्टिक टैंक में गिर गए, जिससे उनकी डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले सचिन यादव के पुत्र नरेंद्र यादव 7 वर्ष और आशीष यादव 5 वर्ष शुक्रवार शाम करीब 4 बजे घर से अपनी मां से खेलने की बात कहकर निकले थे। देर शाम तक जब दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गए।
मां ने पहले आसपास के घरों में बच्चों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कॉलोनीवासियों की मदद से क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। एक कैमरे में दोनों बच्चे पास ही स्थित मुकुंद यादव के निर्माणाधीन मकान के भीतर जाते हुए दिखाई दिए।जब पड़ोसी उस मकान में पहुंचे तो वहां बने खुले सेप्टिक टैंक में दोनों बच्चों के शव पानी में उतराते हुए मिले।
घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चों के शव टैंक से बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल भिजवाए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत दोनों को मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया जहां आज उनका पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपे जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
