
जबलपुर। कटंगी रोड स्थित दीनदयाल वार्ड क्रमांक 30 की रॉयल स्टेट कॉलोनी में एक बार फिर नियमों की खुलेआम अनदेखी सामने आई है। रहवासी कॉलोनी में आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत मकानों में अवैध रूप से अतिथि गेस्ट हाउस के नाम पर व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे कॉलोनी की शांति व्यवस्था भंग हो रही है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि प्लॉट क्रमांक 81, 82, 83, 84, 38, 39 एवं 356 में पूर्व में रायल होटल के नाम से अवैध होटल संचालन किया जा रहा था, जिसे वर्ष 2024–25 में जन आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और नगर निगम की जांच के बाद बंद कराया गया था। नगर निगम द्वारा 8 अप्रैल 2025 को अख़बारों में सूचना प्रकाशित कर स्पष्ट किया गया था कि कॉलोनी में होटल, बारात घर या किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि पूर्णतः प्रतिबंधित है।
नाम बदलकर शुरू हुआ पुराना कारोबार
कॉलोनी वासियों ने आरोप लगाया है कि निगम आयुक्त के स्थानांतरण के बाद उसी स्थान पर नाम बदलकर पुनः गेस्ट हाउस का संचालन शुरू कर दिया गया है। कॉलोनीवासियों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कलेक्टर जबलपुर से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे माननीय उच्च न्यायालय की शरण लेने को विवश होंगे।
