रायसेन: मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 सतलापुर में कथित धर्मांतरण को लेकर मंगलवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जानकारी के अनुसार जाम सिंह कनास के निवास पर एक प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग एकत्रित थे।विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को जैसे ही इसकी सूचना मिली, वे मौके पर पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यहां लोगों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराया जा रहा था। एक युवक ने दावा किया कि उसे एक लाख रुपये का लालच देकर सभा में बुलाया गया था।
सूचना मिलते ही सतलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभा में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की और जाम सिंह कनास को पूछताछ के लिए सतलापुर थाने ले जाया गया।क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसडीओपी ओबेदुल्लागंज शीला सुराणा ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को अभिरक्षा में लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
