
भोपाल। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती एवं उनके शिष्यों के कथित अपमान, साधु-संतों पर दमन, मणिकर्णिका घाट जैसे पवित्र स्थलों के विध्वंस तथा भोपाल नगर निगम के जिंसी स्लॉटर हाउस में कथित गौहत्या और गौमांस व्यापार के विरोध में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने शनिवार को रोशनपुरा चौराहे पर एक दिवसीय उपवास किया।
उपवास कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल एवं विभा पटेल सहित शहर व ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष, पार्षद, यूथ कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सनातन धर्म केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपराओं की जीवित आत्मा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शंकराचार्य के गंगा स्नान जैसी धार्मिक परंपराओं में अनावश्यक हस्तक्षेप करना आस्था और संस्कृति का अपमान है तथा भाजपा सरकार पर परंपराओं को रौंदने का आरोप लगाया।
पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए राष्ट्रपति से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।
मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने प्रशासन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक प्रोटोकॉल के लिए व्यापक इंतजाम किए जाते हैं, लेकिन सनातन परंपरा के सर्वोच्च प्रतीक को सम्मान नहीं दिया गया।
उपवास के दौरान राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। कार्यक्रम का समापन उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे द्वारा उपवासरत नेताओं को जूस पिलाकर किया गया।
