मक्सी:बसंत पंचमी के अवसर पर शुक्रवार को मक्सी में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। सम्मेलन स्थल श्रीराम गार्डन तालाब की पाल के आसपास लगाए गए महापुरुषों के बैनर-पोस्टर अज्ञात लोगों द्वारा फाड़ दिए गए, जिससे नगर में आक्रोश का माहौल बन गया। इस संबंध में मक्सी थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई गई है।
फरियादी हरीश पांडे, निवासी पुराना एबी रोड, रेस्ट हाउस के पास मक्सी, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 23 जनवरी 2026 को श्रीराम गार्डन तालाब की पाल के पास विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन हुआ था। कार्यक्रम के लिए सड़क किनारे भगवान श्रीराम, भगवान श्री देवनारायण, संत रविदास, डॉ. भीमराव अंबेडकर, महाराणा प्रताप,शहीद भगत सिंह , शहीद चंद्रशेखर आजाद,भगवान गौतम बुद्ध, संत धीरेंद्र शास्त्री, संत गोविंद जाने सहित अन्य महापुरुषों के चित्रों वाले पोस्टर लगाए गए थे, जो कार्यक्रम समाप्त होने तक सुरक्षित थे।
सम्मेलन के बाद देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने इन पोस्टरों को फाड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मक्सी थाने पहुंचे और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। साथ ही नगर के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मामले में मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि महापुरुषों के बैनर फाड़ने की सूचना प्राप्त हुई है। प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल अज्ञात हैं, जिनकी पहचान के लिए नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आने-जाने वाले लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नगर की शांति व्यवस्था भंग करने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
