जम्मू, 23 जनवरी (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित श्री माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर की यात्रा खराब मौसम के कारण शुक्रवार को स्थगित कर दी गई। इस बीच त्रिकुटा पहाड़ियों पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। अधिकारियों ने बताया कि आधार शिविर कटरा के मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई है।
खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण भवन के लिए संचालित होने वाली हेलीकॉप्टर सेवा भी बुरी तरह प्रभावित रही और उसे अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुबह से ही कटरा आधार शिविर से यात्रा स्थगित कर दी और किसी भी नए जत्थे को भवन की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई। अधिकारियों का कहना है कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए मौसम की स्थिति बिगड़ने पर यह कदम उठाया गया है।
श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, यात्रा को फिर से शुरू करने का निर्णय मौसम विभाग के परामर्श और परिस्थितियों में सुधार होने के बाद ही लिया जाएगा। फिलहाल मार्ग पर मौसम की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है और श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने और मौसम के अनुकूल होने की प्रतीक्षा करने की सलाह दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष जनवरी के महीने में अब तक लगभग 4.30 लाख श्रद्धालु गुफा मंदिर के दर्शन कर चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार, प्रतिदिन औसतन 18,000 से 22,000 तीर्थयात्री भवन के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
