37 साल बाद रजनीकांत और शत्रुघ्न सिन्हा की अधूरी फिल्म हम में शहंशाह कौन अब रिलीज होने जा रही है। 80-90 के दशक में शूट हुई इस फिल्म को AI से रीस्टोर किया गया है।
करीब 37 साल के लंबे इंतज़ार के बाद हिंदी सिनेमा की एक अधूरी कहानी अब आखिरकार पूरी होने जा रही है। सुपरस्टार रजनीकांत और शत्रुघ्न सिन्हा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हम में शहंशाह कौन’ अब बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए तैयार है। यह फिल्म 80–90 के दशक में पूरी तरह शूट हो चुकी थी, लेकिन कई निजी और पेशेवर कारणों की वजह से कभी सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच सकी। अब आधुनिक तकनीक की मदद से इसे नया जीवन दिया गया है।
फिल्म के निर्माता राजा रॉय के लिए यह प्रोजेक्ट सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक भावनात्मक सफर रहा है। शूटिंग पूरी होने के बाद वे व्यापार के सिलसिले में लंदन चले गए थे, जहां उनके छोटे बेटे का असामयिक निधन हो गया। इस गहरे सदमे की वजह से फिल्म को सर्टिफिकेशन के लिए भी सबमिट नहीं किया जा सका। इसके बाद निर्देशक हरमेश मल्होत्रा के निधन ने भी इस प्रोजेक्ट को और लंबा खींच दिया। इन तमाम मुश्किलों के बावजूद फिल्म को पूरी तरह भुलाया नहीं गया।
